पोते ने जमीन के लालच में दादा की गोलियां मारकर की हत्या
-
विकास मैहला : जिला पुलिस करनाल के थाना कुंजपुरा क्षेत्र के गांव बड़ा गांव में जमीनी विवाद के चलते एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में थाना कुंजपुरा पुलिस एवं सीआईए-3 की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू पुत्र स्वर्गीय बहादुर सिंह, निवासी गांव बड़ा गांव,थाना कुंजपुरा, जिला करनाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा एवं एक रौंद बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल ने बताया कि मृतक के परिजन की शिकायत पर थाना कुंजपुरा में हत्या एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसके पिता दर्शन सिंह उर्फ दरिया के पास लगभग 11 एकड़ कृषि भूमि थी। पिछले लगभग एक वर्ष से धर्म परिवर्तन एवं वसीयत को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी का अपने दादा के साथ कई बार झगड़ा भी हुआ था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 25 जून 2026 को उसकी पुत्रवधू ने सूचना दी कि उसके पिता को बाड़े में गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि उसके पिता का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। जांच के दौरान थाना कुंजपुरा पुलिस एवं सीआईए-3 की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया गया।
मामले में आरोपी को कल माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
